यूपी में बनेगा डीप टेक यू-हब, योगी कैबिनेट की मंजूरी, लखनऊ-नोएडा बनेंगे इनोवेशन सेंटर
UP Deep Tech Hub: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में डीप टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लखनऊ और नोएडा में यू-हब (डीप टेक) स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की इस योजना का उद्देश्य अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, उद्योग, निवेशकों और शैक्षणिक संस्थानों को एक मंच पर लाना है।
लखनऊ और नोएडा में अलग-अलग तकनीकी फोकस
सरकार के अनुसार यू-हब को दो स्थानों पर विकसित किया जाएगा। नोएडा केंद्र में क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, रक्षा प्रौद्योगिकी और एडवांस बायोटेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वहीं लखनऊ केंद्र को एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थटेक, इंडस्ट्रियल एआई और कृषि जैव प्रौद्योगिकी के लिए विकसित किया जाएगा। इसके संचालन के लिए 11 सदस्यीय निदेशक मंडल बनाया जाएगा और यह राज्य सरकार के नियंत्रण में काम करेगा।
पहले चरण में 25-25 हजार वर्गफुट का विकास
परियोजना का विकास चरणबद्ध तरीके से होगा। पहले चरण में लखनऊ और नोएडा में लगभग 25-25 हजार वर्गफुट क्षेत्र में को-वर्किंग स्पेस, प्रोटोटाइपिंग लैब, निवेशक क्षेत्र और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके बाद नोएडा में करीब 4 लाख वर्गफुट और लखनऊ में 2 लाख वर्गफुट क्षेत्र में अत्याधुनिक डीप टेक परिसरों का निर्माण प्रस्तावित है।
सरकार का मानना है कि यह पहल अनुसंधान के व्यवसायीकरण, निवेश बढ़ाने, उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार सृजन और स्टार्टअप्स की सफलता दर बढ़ाने में मदद करेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर डीप टेक नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

