प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्र संवाद’ पर रोक, केपी कॉलेज ट्रस्ट ने अचानक कैंसल की परमिशन
Prayagraj News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के 8 अगस्त को प्रयागराज में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले बड़ा मोड़ आ गया है। जिस केपी कॉलेज मैदान में इस कार्यक्रम का आयोजन होना था, उसी की अनुमति केपी ट्रस्ट ने अचानक निरस्त कर दी है।
इस फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर सवाल खड़े किए हैं और साफ कहा है कि कार्यक्रम तय तारीख पर प्रयागराज में ही होगा, चाहे आयोजन स्थल बदलना पड़े।
ट्रस्ट के फैसले के बाद कांग्रेस संगठन और उसकी विधिक टीम सक्रिय हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की, जबकि दूसरी ओर कार्यक्रम की तैयारियों पर भी मंथन शुरू हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर राहुल गांधी का छात्र संवाद किस स्थान पर आयोजित होगा।
हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर रद्द की अनुमति
केपी कॉलेज ट्रस्ट (KP College Trust) की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों और कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों को देखते हुए मैदान उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। इसी आधार पर पहले दी गई अनुमति वापस ले ली गई।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब कार्यक्रम की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी थीं और आयोजन को लेकर कांग्रेस लगातार तैयारी कर रही थी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने दावा किया कि केपी ट्रस्ट ने निर्धारित शुल्क लेकर पहले ही मैदान की बुकिंग कर दी थी। उसी अनुमति के आधार पर आयोजन की तैयारियां शुरू हुईं और पंडाल लगाने का काम भी शुरू करा दिया गया था।
उनका कहना है कि कार्यक्रम से ठीक पहले अचानक अनुमति रद्द किए जाने से कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस ने इस फैसले को लेकर अपनी कानूनी टीम को भी सक्रिय कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों से मिले कांग्रेस नेता
अनुमति रद्द होने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पुलिस लाइन पहुंचा। वहां एडीसीपी अजय शर्मा से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा की गई।
हालांकि बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि Rahul Gandhi का कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज में ही होगा। हालांकि नया आयोजन स्थल क्या होगा, इस पर फिलहाल पार्टी ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
1.74 लाख छात्रों के पंजीकरण का दावा
कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए अब तक करीब 1.74 लाख छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी को देखते हुए कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल को लेकर जल्द अंतिम फैसला लिया जाएगा, लेकिन कार्यक्रम रद्द नहीं होगा।

