50 लाख की प्राइज मनी जीतकर मिनी माथुर बनीं ‘अलायंस’ की पहली विनर, एली-रूही को हराया
Alliance Winner Mini Mathur: अभिनेता कुणाल खेमू के रियलिटी शो ‘अलायंस’ को अपना पहला विजेता मिल गया है। शो के ग्रैंड फिनाले में टीवी होस्ट मिनी माथुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रूही दोसानी और एली गोनी को पीछे छोड़ ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के बाद मिनी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी यह यात्रा महिलाओं को अपने सपनों पर विश्वास करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
फाइनल तक पहुंचने का सफर रहा चुनौतीपूर्ण
फिनाले से पहले एली गोनी ‘ऐस ऑफ द वीक’ बनने के कारण सीधे फाइनल में पहुंच गए थे। वहीं रूही दोसानी, मिनी माथुर, नीति टेलर और कुशाल टंडन के बीच सेमीफाइनल मुकाबले हुए। मिनी ने कुशाल टंडन को हराया, जबकि रूही ने नीति टेलर को मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
ग्रैंड फिनाले में पहले बाहर हो चुके प्रतियोगी भी लौटे, जहां कई मुद्दों पर बहस देखने को मिली। डेजी शाह और सीमा सजदेह ने भी कुछ प्रतिभागियों के बयानों पर खुलकर नाराजगी जताई। इसके बाद तीनों फाइनलिस्ट की जर्नी दिखाई गई।
आखिरी टास्क में पलटा खेल
फाइनल टास्क में प्रतिभागियों को बॉल इकट्ठा कर ब्रिज बनाना था और फिर उन्हें संतुलित कर वॉल्ट खोलने के लिए कोड हासिल करना था। मिनी माथुर ने तीन कोड जुटाकर बढ़त बनाई, जबकि एली गोनी केवल दो कोड ही हासिल कर सके। इसी प्रदर्शन के दम पर मिनी शो की पहली विजेता बनीं।
जीत के बाद मिनी माथुर ने कहा कि यह उनका पहला रियलिटी शो था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इतनी लंबी यात्रा तय कर पाएंगी। उन्होंने कहा कि इस शो ने उन्हें खुद पर भरोसा करना सिखाया और उम्मीद है कि उनकी कहानी देखकर कई महिलाएं अपने सपनों को पूरा करने का साहस जुटाएंगी।
Also Read: 19 साल बाद लौटे इमरान हाशमी के ‘शिवम पंडित’, रिलीज हुआ ‘आवारापन 2’ का दमदार ट्रेलर

