19 साल बाद लौटे इमरान हाशमी के ‘शिवम पंडित’, रिलीज हुआ ‘आवारापन 2’ का दमदार ट्रेलर

Awarapan 2 Trailer: करीब 19 साल पहले रिलीज हुई कल्ट फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल अब बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है। गुरुवार को ‘आवारापन 2’ का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में नजर आ रहे हैं। इस बार उनका अंदाज पहले से ज्यादा गंभीर, आक्रामक और बदले की भावना से भरा दिखाई देता है।

एक्शन और इमोशन से भरपूर है नई कहानी

ट्रेलर से साफ है कि फिल्म की कहानी दर्द, गुस्से और बदले के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें शिवम पंडित अपने अतीत के जख्मों से जूझता नजर आता है। एक्शन सीक्वेंस के साथ भावनात्मक पल भी कहानी को मजबूत बनाते हैं। फिल्म में दिशा पाटनी ‘जारा’ के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि शबाना आजमी ‘नफीसा’ की भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा पूरन गब्बी, अनिरुद्ध रावल, सुरेंदर विकी, विजयंत कोहली और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में हैं।

म्यूजिक और रिलीज डेट भी चर्चा में

‘आवारापन’ की पहचान उसका संगीत रहा है और सीक्वल में भी इस पर खास ध्यान दिया गया है। फिल्म का संगीत मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक, अंकित सचदेव और वासिफ अहमद ने तैयार किया है। वहीं गीत सईद कादरी, रश्मि विराग, अखिल सचदेवा और सचिन सिंह चंदेल ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण मुकेश भट्ट ने किया है, निर्देशन नितिन कक्कड़ का है और कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है।

आवारापन 2 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दिन सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘बंटवारा 1947 भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

Also Read: घुमंतू समाज को दर-दर की ठोकरें नहीं खानी पड़ेंगी, सम्मान के साथ मिलेगा विकास का अवसर: सीएम योगी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.