Lucknow News: रिजल्ट में देरी पर भड़के अभ्यर्थी, पिकअप भवन के बाहर किया प्रदर्शन
Lucknow News: लखनऊ के गोमती नगर स्थित पिकअप भवन पर गुरुवार को सहायक लेखाकार भर्ती के अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 1828 पदों पर अंतिम परिणाम जारी न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने भवन का घेराव कर नारेबाजी की और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से जल्द रिजल्ट घोषित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
सभी प्रक्रियाएं पूरी, फिर भी नहीं आया अंतिम परिणाम
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, इसके बावजूद आयोग अंतिम परिणाम जारी नहीं कर रहा है। उनका आरोप है कि आयोग लगातार उन्हें गुमराह कर रहा है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि परिणाम जारी करने की स्पष्ट तारीख घोषित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, विरोध जारी रहेगा।
तीन साल से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार
अभ्यर्थियों के अनुसार उन्होंने वर्ष 2023 में PET परीक्षा दी थी। इसके बाद फरवरी 2024 में भर्ती का विज्ञापन जारी हुआ और फरवरी 2025 में मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 1 जनवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच पूरा हो चुका है। इसके बावजूद अब तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया।
बलिया से आए अभ्यर्थी नीत श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले सात महीने से वे लगातार आयोग के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2026 को आयोग के सचिव ने इसी महीने परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई घोषणा नहीं हुई। अभ्यर्थियों ने आयोग से देरी का कारण सार्वजनिक करने और जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
Also Read: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी PNC Infratech पर एक्शन, फिर मिले 3,483 करोड़ के नए ठेके!

