Unnao News: सड़क निर्माण पर उठे गंभीर सवाल, मानकों की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों ने दी काम रोकने की चेतावनी
Unnao News: उन्नाव जिले में सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक क्षेत्र के बंधुआ खेड़ा संपर्क मार्ग पर करीब छह महीने से चल रहे डामरीकरण कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन इसके बावजूद सड़क की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि ठेकेदार मनमाने तरीके से निर्माण करा रहा है।
खराब सड़क के चलते आए दिन राहगीरों के चोटिल होने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। ग्रामीणों ने जिले के आला अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने की मांग की है।
उनका कहना है कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता की जांच नहीं करते, तब तक मानकविहीन निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे निर्माण कार्य को बंद करा देंगे। अब देखना होगा कि लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।

