Lucknow News: छह माह से जन्म प्रमाण पत्र पाने के लिए ब्लॉक के चक्कर काट रहे ग्रामीण

Lucknow News: जन्म प्रमाण पत्र एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है, जिसे बनवाने के लिये आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण ब्लॉक व सचिव के छह माह से चक्कर काट रहे है। सचिव अपने मनमाने रवैये व कार्यों के प्रति लापरवाही के चलते नहीं बना रहा है। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाए जाने के साथ लापरवाह सचिव पर कार्रवाई किये जाने की मांग की है।

विकास खंड मलिहाबाद की ग्राम पंचायत कसमंडीकलां आजकल अखबारों सहित टीवी चैनलों पर महाराजा कंसा पासी के किले को लेकर खूब सुर्खियों में है। उसी ग्राम पंचायत से एक ताजा मामला सामने आया है जहां सचिव छह माह से ग्रामीणों के जन्म प्रमाण पत्र बनाकर नहीं दे रहा है। जिससे ग्रामीण काफी परेशान है।

सचिव के मनमाने रवैये व कार्यों में लापरवाही को देख वहीं के निवासी शादाब, नफीस, एखलाक अहमद, फुरकान, अदनान ने विगत एक अगस्त को आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उक्त लोगों ने हाशिर, शारिक, सवाब, एखलाक, गुफरान व अदनान के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिये 6 माह पूर्व आवेदन किया था। आवेदन उक्त लोगों का सचिव के पास पहुंच गया था। छह माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी शिकायतकर्ताओं के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाए है।

स्कूल में प्रवेश के साथ नहीं बन पा रहा आधार कार्ड

शिकायतकर्ताओं का आरोप है सचिव के मनमाने व कार्यों में लापरवाही वाले रवैये के चलते उनके बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाये हैं। इससे उनके बच्चों का स्कूलों में प्रवेश नहीं हो पा रहा है, साथ ही उनके बच्चों का आधारकार्ड भी नहीं बन पा रहा है।

Also Read: यूपी चुनाव पर बोले भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह, इस बार कड़ी टक्कर, सपा-कांग्रेस गठबंधन से होगी सीधी जंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.