Hormuz पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल? ट्रंप बोले- ‘स्टील की दीवार’ के आगे ईरान कुछ नहीं कर सकता

US Iran Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 अगस्त को होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिका का होर्मुज पर ‘टोटल कंट्रोल’ है और वह इस नियंत्रण को आगे भी बनाए रखने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को ‘वॉल ऑफ स्टील’ यानी स्टील की दीवार बताया।

Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों का परिवहन होता है। ऐसे में इस रास्ते पर आवाजाही प्रभावित होने का सीधा असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है।

ईरान की सैन्य ताकत पर भी बरसे ट्रंप

ट्रंप ने अपने पोस्ट में ईरान की सैन्य और आर्थिक स्थिति पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास अब प्रभावी नौसेना और वायुसेना नहीं बची है। उन्होंने यह भी कहा कि उसके सैनिकों को वेतन नहीं मिल रहा और ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को भारी नुकसान हुआ है।

ट्रंप ने ईरान की आर्थिक स्थिति को लेकर भी कई दावे किए। उन्होंने कहा कि देश के पास पैसे नहीं हैं, महंगाई बहुत ज्यादा है और हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने ईरानी नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।

ट्रंप बोले- ‘ईरान कुछ नहीं कर सकता’

ट्रंप के मुताबिक अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को हर कोई ‘स्टील की दीवार’ कह रहा है और ईरान इसके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिका अभी Strait of Hormuz पर नियंत्रण रखता है और उनका विचार है कि यह नियंत्रण आगे भी कायम रखा जाए।

हालांकि, होर्मुज की स्थिति को पूरी तरह एकतरफा नहीं माना जा रहा है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिकी मौजूदगी के बावजूद समुद्री यातायात काफी घट गया है। मंगलवार को केवल आठ जहाज इस जलडमरूमध्य से गुजरे, जबकि युद्ध से पहले रोजाना करीब 130 से 140 जहाज यहां से गुजरते थे। इससे साफ है कि तनाव के बीच कारोबारी जहाजों की आवाजाही अभी भी बेहद सीमित है।

Strait of Hormuz को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव ऐसे समय बढ़ा हुआ है, जब दोनों पक्षों के बीच बातचीत और संभावित समझौते को लेकर भी गतिविधियां चल रही हैं। इसलिए ट्रंप का यह बयान आगे की कूटनीतिक और समुद्री स्थिति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Also Read: पाकिस्तानी पत्रकार ने जेल में बंद पूर्व पीएम इमरान खान की मौत का किया दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.