भूमाफिया से तंग आकर युवक ने लगाई फांसी, वीडियो में कहा- ‘मैं रहूं या न रहूं, मेरे बच्चे को इंसाफ मिले’
Orai News: उत्तर प्रदेश के उरई में एक युवक की मौत के बाद सनसनी फैल गई। मौत से पहले बनाए गए बताए जा रहे वीडियो में युवक ने मकान और पैसों के विवाद का जिक्र करते हुए सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शहर के सहावनाका मोहल्ले का बताया जा रहा है। मृतक प्रदीप के परिजनों का आरोप है कि बेटे के इलाज के लिए उसने 2 लाख रुपये उधार लिए थे और इसके बदले मकान का एग्रीमेंट किया गया था। परिवार का दावा है कि करीब डेढ़ लाख रुपये लौटाने के बावजूद मकान वापस नहीं किया गया।
बेटे के इलाज के लिए लिया था 2 लाख का कर्ज
प्रदीप की पत्नी शीला देवी के मुताबिक, उनके सात महीने के बेटे धीरज के इलाज के लिए पति ने एक व्यक्ति से करीब 2 लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले मकान का मुहायदा (एग्रीमेंट) किया गया था। परिजनों का दावा है कि करीब डेढ़ लाख रुपये वापस करने के बावजूद मकान नहीं लौटाया गया।
आरोप है कि बाद में मकान को दूसरे व्यक्ति के नाम करा दिया गया और बाकी रकम बाद में देने की बात कही गई। बेटे के इलाज के लिए पैसों की कमी और मकान विवाद से प्रदीप परेशान था।
वीडियो में सरकार से इंसाफ की गुहार
मौत से पहले बनाए गए करीब 11 मिनट के कथित वीडियो में प्रदीप ने अपने साथ हुए विवाद और कथित प्रताड़ना का जिक्र किया। उसने मुख्यमंत्री, डीएम और एसपी से न्याय की अपील की और कहा कि उसके और उसके बच्चे के साथ इंसाफ होना चाहिए।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।
शव रखकर लगाया जाम, अधिकारियों ने दिया जांच का भरोसा
मामले में कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने देर शाम सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने परिवार को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खोल दिया गया।
जालौन SDM राकेश सोनी, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार जालौन और सदर लेखपाल वैभव त्रिपाठी ने परिजनों से जानकारी ली। पुलिस अब वायरल वीडियो के साथ मकान के एग्रीमेंट, पैसों के लेन-देन और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Also Read: अंबेडकरनगर: IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, मुंह से निकल रहा था खून, जेवर भी गायब

