मावे में मिलाया जा रहा था सेलखड़ी-वनस्पति! रक्षाबंधन से पहले मुजफ्फरनगर में 10 क्विंटल मावा नष्ट

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने मिलावटी मावे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे छपार थाना क्षेत्र में टिंकू नाम के खाद्य कारोबारी की मावे की भट्टी पर छापा मारा गया।

जांच के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में तैयार मावा और उसे तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे संदिग्ध पदार्थ मिले। अधिकारियों के मुताबिक, मावे में सेलखड़ी, वनस्पति, SMP, ईसबगोल और हाइड्रो जैसी चीजों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया तैयार मावा मानव उपभोग के योग्य नहीं पाया गया।

 

10 क्विंटल मावा कराया गया नष्ट

खाद्य विभाग की टीम ने मौके से करीब 1,000 किलो यानी 10 क्विंटल मावा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई। मावा अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा हुआ था।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने मावे के तीन समेत कुल 10 विधिक नमूने (Food Samples) लिए। इनमें सेलखड़ी, वनस्पति, SMP, ईसबगोल, हाइड्रो, रसोई गोल्ड वनस्पति और इंटरस्ट्रेटिफाइड वेजिटेबल फैट के नमूने भी शामिल हैं।

मौके से करीब 648 किलो SMP, 176 किलो वनस्पति और 43 किलो इंटरस्ट्रेटिफाइड फैट समेत अन्य सामग्री मिली। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 4 से 4.5 लाख रुपये बताई गई है।

बिना लाइसेंस चल रही थी मावे की भट्टी

जांच में यह भी सामने आया कि कारोबारी बिना Food License/Registration के खाद्य कारोबार चला रहा था। खाद्य विभाग ने प्रतिष्ठान का संचालन बंद करा दिया और संबंधित कारोबारी के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई गई है।

फूड अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम रात में मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन को देखते हुए मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां भी संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर नगर निगम का ऐक्शन, 30 अगस्त को चलेगा बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.