सहारनपुर में PNB के करेंसी चेस्ट में 7.40 करोड़ के नकली नोट, 3 मैनेजर सस्पेंड, SIT जांच शुरू

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सोफिया मार्केट स्थित करेंसी चेस्ट से 7.40 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। ऑडिट के दौरान सामने आई इस गड़बड़ी के बाद बैंक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG अभिषेक सिंह ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की है। शुरुआती जांच में भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर बैंक प्रबंधन ने तीन मैनेजरों को निलंबित कर दिया है। वहीं, करेंसी चेस्ट में काम करने वाले पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार को भी हटा दिया गया है।

तीन मैनेजरों पर FIR, पड़ोसी राज्यों में दबिश

PNB के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की तहरीर पर कोतवाली सदर बाजार में वरिष्ठ प्रबंधक मंडल कार्यालय रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और खेरा बाजार जगाधरी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा, उत्तराखंड और आसपास के जिलों में दबिश दे रही है। सोमवार को डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने करेंसी चेस्ट पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की।

जांच में करेंसी चेस्ट की CCTV फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फुटेज में हाउस कीपर विशाल कुमार नोटों की गड्डियों से रुपये निकालता हुआ दिखाई दिया है। उसे करेंसी चेस्ट (Currency Chest) में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी मिली थी।

कहां से आए करोड़ों के जाली नोट?

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट (Fake Currency) करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। जाली नोट कहां छापे गए, उन्हें बैंक तक पहुंचाने और आगे उनके लेन-देन में किसकी भूमिका रही, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

DIG के मुताबिक, पुलिस ने करेंसी चेस्ट से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी मांगे हैं। जांच आगे बढ़ने पर दूसरे बैंक अधिकारियों और अलग-अलग शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।

फिलहाल Saharanpur सोफिया मार्केट स्थित करेंसी चेस्ट से नकदी का लेन-देन बंद कर दिया गया है। जांच पूरी होने तक विभिन्न बैंक शाखाओं के नकदी लेन-देन के लिए गंगोह स्थित करेंसी चेस्ट का इस्तेमाल किया जाएगा।

Also Read: 8 महीने में 22 दोषियों को मौत की सजा… कौन है ADJ रवि कुमार दिवाकर जिन्होंने बनाया फांसी की सजा देने का रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.