PNB में 17.29 करोड़ के नकली नोटों का मामला, NIA ने मैनेजर के PA के घर मारा छापा, 2 आरोपी निशाने पर

PNB Fake Currency Case: सहारनपुर में PNB करेंसी चेस्ट (PNB Currency Chest) से जुड़े 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों के मामले में NIA की जांच अब बैंक अधिकारियों के करीबियों और उनकी संपत्तियों तक पहुंच गई है। निलंबित चेस्ट मैनेजर अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने उसके निजी सहायक आदेश कुमार के न्यू नंदपुरी स्थित घर पर पहुंचकर दस्तावेजों और कागजात की जांच की।

NIA ने स्थानीय लोगों से आदेश कुमार की संपत्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई। टीम यह पता लगाने में लगी है कि उसकी संपत्तियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से होता रहा है और उनका इस पूरे मामले से कोई संबंध है या नहीं।

नकली नोटों की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही NIA

जांच एजेंसी अब सिर्फ करेंसी चेस्ट तक नकली नोट पहुंचने की वजह तलाशने तक सीमित नहीं है। पुराने नकली नोट मामलों और मौजूदा केस के बीच संभावित कनेक्शन और सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जा रही है।

NIA यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अलग-अलग मामलों में बरामद नकली नोटों का स्रोत, नेटवर्क या उन्हें आगे पहुंचाने वाले लोगों में कोई समानता है या नहीं। पुराने मामलों की जांच में पुलिस कानपुर तक पहुंच चुकी थी। अब एजेंसी इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है।

SSP ऑफिस पहुंचे NIA के SP, दो और आरोपी रडार पर

NIA लखनऊ टीम के एसपी ने पुलिस लाइन स्थित SSP कार्यालय पहुंचकर एसएसपी अभिनंदन और एसपी सिटी व्योम बिंदल से मुलाकात की। बैठक में अब तक की जांच, पुराने नकली नोट मामलों और आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई।

NIA अधिकारियों के मुताबिक जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और एजेंसी दो अन्य आरोपियों तक लगभग पहुंच चुकी है। उनकी गिरफ्तारी जल्द होने के संकेत दिए गए हैं, हालांकि जांच प्रभावित न हो, इसलिए नाम और कार्रवाई से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

मामले में विदेशी कनेक्शन की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल एजेंसी ने इस पर कोई निष्कर्ष नहीं दिया है। डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध नेटवर्क की जांच के बाद ही नकली नोटों के पूरे नेटवर्क की तस्वीर साफ होगी।

Also Read: थाने में 4 लोगों को अवैध हिरासत में रखने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, SHO के वेतन से 65 का मुआवजा देने का आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.