मुजफ्फरनगर में बेकाबू बस ने 2 बाइकों को कुचला, एक बच्चा समेत 5 लोगों की मौत, चालक फरार
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में बुधवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में भसाना गांव के पास करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 साल की बच्ची अल्लो भी शामिल है।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर हुआ। बताया गया कि रोडवेज बस तेज गति में थी। मोड़ पर सामने आई दोनों बाइकों को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इदरीश-साजिद चचेरे भाई, फरमान-मोमिन जीजा-साले
हादसे में जान गंवाने वाले इदरीश और साजिद चचेरे भाई थे। वहीं फरमान और मोमिन जीजा-साले बताए गए हैं। पांचवीं मृतक 5 साल की बच्ची अल्लो है। सभी बाइक सवार मुजफ्फरनगर से कांधला और तमेला गढ़ी की ओर जा रहे थे।
बस छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन भी मौके पर पहुंच रहे हैं।
Also Read: iPhone 18 Pro की कीमत ₹1.39 लाख से शुरू होने की उम्मीद, जानें फोल्डेबल Duo का प्राइस

