UP में 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी AAP, अक्टूबर से जनयात्रा, सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन
UP News: लखनऊ में बुधवार को आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी और योगी सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और नफरत की राजनीति को लेकर निशाना साधा।
संजय सिंह ने बताया कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ता सम्मेलन शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में AAP कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उसकी रणनीति क्या होगी, इसका फैसला राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद किया जाएगा।
भगत सिंह जयंती पर कार्यक्रम, अक्टूबर से जनयात्रा
उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर सभी जिलों में विचार गोष्ठियां और रक्तदान शिविर होंगे। इसके बाद अक्टूबर से बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक अन्याय, भ्रष्टाचार और कथित नफरत की राजनीति के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनयात्रा निकाली जाएगी।
खाली पदों और बीएड नियम पर सरकार को घेरा
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि रामपथ से लेकर जल जीवन मिशन तक में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने बरेली में पानी की टंकी बहने का जिक्र करते हुए सरकार पर हमला बोला। उनका आरोप था कि भाजपा के पास विकास का ठोस एजेंडा नहीं है और धार्मिक मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान मूल समस्याओं से हटाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में दो लाख से अधिक पद खाली हैं, जबकि करीब 15 लाख डीएलएड प्रशिक्षित युवा बेरोजगार हैं। इंटर कॉलेजों में बीएड अनिवार्यता के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने प्रभावित पीजी अभ्यर्थियों को कम से कम दो साल की मोहलत देने की मांग की। बैठक में सह प्रभारी दिलीप पांडेय, विशेष रवि, विधायक सुरेंद्र चौधरी समेत प्रदेश पदाधिकारी, प्रांत प्रभारी, जिलाध्यक्ष और पूर्व प्रत्याशी मौजूद रहे।
Also Read: राहुल गांधी ने दिशा बैठक में दिखाई गड्ढों वाली सड़कों की फोटो, अधिकारियों से मांगा जवाब

