यूपी में 2027 से पहले कांग्रेस को बड़ा सियासी बूस्ट, चौहान समाज के सैकड़ों लोग पार्टी में शामिल

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन विस्तार और सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चौहान समाज के सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम मौजूद रहे।

भाजपा छोड़कर मनोज कुमार चौहान और हरवंश सिंह चौहान एडवोकेट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस में शामिल हुए। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव सुनील कुशवाहा ने भी समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।

सदस्यता लेने वालों में अमेठी के फूल सिंह चौहान, वाराणसी के प्रो. शिवराम सिंह चौहान, जौनपुर के राजेश चौहान, लखीमपुर के दरबारी लाल चौहान, कासगंज के रन सिंह चौहान (रवि लोनिया), सहारनपुर के ग्राम प्रधान कदम सिंह और नेत्रपाल चौहान, लखनऊ के अमर सिंह चौहान, आजमगढ़ के ग्राम प्रधान राजेश चौहान, मऊ के अरुण सिंह चौहान और जौनपुर के मुकेश सिंह चौहान समेत कई लोग शामिल रहे।

बोले- सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस के साथ

मनोज कुमार चौहान ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा, “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागीदारी” के विश्वास के साथ चौहान समाज कांग्रेस के साथ खड़ा हो रहा है। हरवंश सिंह चौहान ने कहा कि 2027 के चुनाव में समाज कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।

राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी का कांग्रेस में विलय

कार्यक्रम में सिद्धार्थनगर की राष्ट्रीय जन सरदार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमन्त चौधरी ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय घोषित किया। प्रदेश अध्यक्ष सौरव सिंह समेत 32 ग्राम प्रधान और 17 बीडीसी सदस्य कांग्रेस में शामिल हुए। विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों और सैकड़ों लोगों ने भी सदस्यता ली। सीतापुर के पूर्व डीआईजी सीआरपीएफ केके चौधरी ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.