कनाडा में एमी विर्क की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पंजाबी सिंगर सुरक्षित
Ammy Virk Firing: पंजाबी सिंगर और अभिनेता एमी विर्क की कार पर कनाडा में फायरिंग का मामला सामने आया है। शनिवार रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास अज्ञात हमलावरों ने उनकी रोल्स रॉयस कलिनन को निशाना बनाया। एमी विर्क एबॉट्सफोर्ड के रोजर फोर्न में कार्यक्रम खत्म करने के बाद कार से लौट रहे थे।
कार में एमी विर्क समेत चार लोग मौजूद थे। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 7 से 10 गोलियां चलाई गईं। इनमें से 7 गोलियों के निशान कार पर मिले हैं। हमले में एमी समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। शुरुआत में सिर्फ एक कार पर फायरिंग की जानकारी सामने आई थी। बाद में आयोजकों ने पुष्टि की कि उस कार में एमी विर्क भी मौजूद थे।
कार में मौजूद एक व्यक्ति भी पुलिस की नजर में
फायरिंग का असली निशाना कौन था, पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है। कार में सरे का एक व्यक्ति भी था, जिस पर पहले तीन बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। इसी वजह से पुलिस मामले को कई एंगल से देख रही है।
हमले के बाद करीब 5 किलोमीटर दूर सनी साइड प्लेस के पास एक संदिग्ध SUV जली हुई मिली। पुलिस को आशंका है कि हमलावर इसी वाहन से आए थे। वाहन जलाए जाने के कारण जांच में सबूत जुटाना चुनौती बन गया है।
पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा पर फिर सवाल
पुलिस ने फायरिंग और संदिग्ध SUV मिलने की पुष्टि की है। हमलावरों की पहचान के लिए जांच जारी है। घटना के बाद कनाडा में पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। इससे पहले गिप्पी ग्रेवाल, एपी ढिल्लों, प्रेम ढिल्लों, कपिल शर्मा के कैफे और अन्य पंजाबी कलाकारों से जुड़े स्थानों पर भी फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

