KBC 18 में अमिताभ बच्चन ने बताया अपना अधूरा सपना, बोले- ‘आज भी अफसोस है…’

Entertainment News: टीवी का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है।

शो में कंटेस्टेंट्स जहां अपनी जिंदगी और सपनों से जुड़े किस्से साझा करते हैं, वहीं होस्ट अमिताभ बच्चन भी अक्सर अपनी निजी जिंदगी के बारे में दिलचस्प बातें बताते नजर आते हैं।

इस बार बिग बी ने अपने एक अधूरे शौक का जिक्र किया, जिसे लेकर उन्हें आज भी अफसोस है।

अमिताभ बच्चन ने बताया अधूरा शौक

दरअसल, शो में कंटेंट क्रिएटर कृतज्ञ नय्यर ने अमिताभ बच्चन से ‘This or That’ नाम का मजेदार गेम खेलने की रिक्वेस्ट की।

इसी दौरान उनसे पूछा गया कि वह अपनी जिंदगी का कोई पुराना दिन दोबारा जीना चाहेंगे या फिर ऐसा दिन देखना चाहेंगे, जिसे उन्होंने अब तक नहीं जिया, लेकिन हमेशा से जीने की इच्छा रही है।

इस सवाल पर अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनकी जिंदगी में इतने किस्से और घटनाएं हुई हैं कि किसी एक दिन को चुनना मुश्किल है।

इसके बाद उन्होंने अपने उस अधूरे शौक के बारे में बताया, जिसे वह आज तक पूरा नहीं कर पाए।

‘काश मैंने भी संगीत सीखा होता’

अमिताभ बच्चन ने बताया कि वह हमेशा से संगीत सीखना चाहते थे, लेकिन कभी इसे सीख नहीं पाए।

उन्होंने कहा कि जब वह किसी को सितार बजाते या खूबसूरती से गाते हुए देखते-सुनते हैं, तो उनके मन में आता है कि काश उन्होंने भी संगीत सीखा होता।

बिग बी ने यह भी बताया कि उनके घर में संगीत सीखने के लिए कई वाद्य यंत्र रखे हुए हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन वाद्य यंत्रों पर फूलों की माला भी चढ़ी हुई है, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि एक दिन वह संगीत सीखेंगे।

हालांकि, अब तक उनका यह सपना अधूरा है और उन्हें इसका अफसोस होता है।

अमिताभ बच्चन की इस बात से दर्शकों को उनके व्यक्तित्व का एक निजी और भावुक पहलू देखने को मिला।

बता दें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रसारण हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होता है।

Also Read: Asia Cup 2026: सेमीफाइनल में हार के बाद फूट-फूटकर रोईं पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना, अकेले दम पर लड़ीं जंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.