डिंपल यादव का सरकार से सीधा सवाल, बड़े सम्मेलनों से आम जनता को क्या फायदा, नतीजे बताए सरकार
Dimple Yadav: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव शनिवार को मैनपुरी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने BRICS समिट, सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण, आजम खान के मुकदमों और राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती के अखिलेश यादव के नीले अंगोछे वाले बयान पर भी जवाब दिया।
BRICS समिट पर सरकार से पूछा सवाल
डिंपल यादव ने कहा कि सरकार लगातार बड़े सम्मेलन आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों के दौरान दिल्ली में जाम और दूसरी परेशानियां बढ़ती हैं। कई बार स्कूल-कॉलेज तक बंद करने पड़ते हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे सम्मेलनों से देश और आम जनता को क्या फायदा हुआ।
सांसद ने कहा कि पहले भी इस तरह के आयोजन हो चुके हैं। इसलिए सरकार को इनके नतीजे जनता के सामने रखने चाहिए।
सहारनपुर और आजम खान के मामलों पर बयान
सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में हाईकोर्ट की ओर से सरकार से जवाब मांगने और वसूली के आदेश पर रोक लगाने के सवाल पर डिंपल ने इसे चुनाव से जोड़कर देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक हैं, इसलिए ऐसी कार्रवाई की जा रही है।
डिंपल ने कहा कि सत्ता बदलने के बाद गलत तरीके से दर्ज मुकदमों की जांच होगी और गलत मामले वापस लिए जाएंगे। आजम खान के मुकदमों पर उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद जताई।
मायावती और राहुल गांधी पर भी बोलीं
राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी को लेकर डिंपल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर युवाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
मायावती के नीले अंगोछे वाले बयान पर उन्होंने कहा कि PDA में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज शामिल है। यह रंग की राजनीति नहीं, बल्कि युवाओं, महिलाओं और उनके भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर AI जनरेटेड वीडियो बनाने का आरोप भी लगाया।
Also Read: आजमगढ़ में ATS का एक्शन, अल-कायदा की विचारधारा फैलाने के आरोप में 19 साल का युवक गिरफ्तार

