आजमगढ़ में ATS का एक्शन, अल-कायदा की विचारधारा फैलाने के आरोप में 19 साल का युवक गिरफ्तार

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शनिवार, 12 सितंबर को आजमगढ़ से 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा फैलाने और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने का आरोप है। एटीएस के मुताबिक, आरोपी वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था।

मोबाइल में मिले कई वॉट्सऐप ग्रुप

गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश, निवासी चितारा महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। एटीएस अधिकारियों का कहना है कि उसके मोबाइल की जांच में AQIS से जुड़े प्रचार सामग्री वाले कई वॉट्सऐप ग्रुप मिले। इनमें ‘Flames of War’ नाम का ग्रुप भी शामिल बताया गया है। ग्रुप में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत दूसरे देशों के लोग जुड़े होने का दावा है।

जांच एजेंसी के अनुसार, बातचीत में जिहाद, चाकू, केमिकल और योजना जैसे शब्दों के लिए कूट भाषा का इस्तेमाल किया जाता था। नबील पर आतंकी साहित्य साझा करने का भी आरोप है। एटीएस ने अनवर उल अवलाकी की किताब ‘जेहाद करने के 44 तरीके’ और मौलाना आसिम उमर से जुड़ी किताब ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ साझा किए जाने की बात कही है।

ट्रेनिंग और आतंकी साजिश की जांच

एटीएस के मुताबिक, आरोपी और उसके साथियों के बीच पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने, बम बनाने की सामग्री और रसायन जुटाने को लेकर बातचीत मिली। ‘गजवा-ए-हिंद’ की कथित योजना पर चर्चा का भी दावा किया गया है।

देश विरोधी गतिविधियों की सूचना के बाद एटीएस थाना लखनऊ में मुकदमा संख्या 14/2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 152, 61(2) और यूएपीए की धारा 18 व 38 लगाई गई हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: सहारनपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए प्रेमी को उल्टा लटकाकर पीटा, छोड़ने के नाम पर 5 लाख लेने का आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.