बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर भीषण हमला, 23 से ज्यादा जवानों के मारे जाने की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से एक बेहद बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। लासबेला जिले में रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण एन-25 (N-25) राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे पाकिस्तानी सेना के काफिले पर एक भीषण हमला हुआ है। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स और जानकारियों के अनुसार, इस घातक हमले में कम से कम 23 से अधिक जवानों के मारे जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है, जबकि कई अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह वारदात लासबेला के कशारी इलाके में उस समय घटी जब फ्रंटियर फोर्स के लगभग 15 वाहनों का एक बड़ा काफिला वहां से गुजर रहा था।
धमाके के बाद सैन्य वाहन में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, आतंकवादियों ने फ्रंटियर फोर्स के काफिले को निशाना बनाकर एक जोरदार विस्फोट किया। धमाका इतना जबरदस्त था कि एक सुरक्षा वाहन में मौके पर ही भीषण आग लग गई। विस्फोट के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई और घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीकी बेला सैन्य शिविर (Bela Camp) में भर्ती कराया गया है। हालांकि, पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से अभी तक इस हमले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे हताहतों की संख्या में बदलाव संभव है।
बलूच लिबरेशन आर्मी पर हमले का संदेह
इस दुस्साहसिक हमले का शक अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) पर जताया जा रहा है। बीएलए पिछले कई महीनों से बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों, सरकारी बुनियादी ढांचों, चौकियों और राष्ट्रीय राजमार्गों को निशाना बनाकर लगातार हमले कर रहा है। संगठन लगातार यह दावा करता रहा है कि उसके लड़ाके पाकिस्तानी सेना और प्रांतीय सुरक्षा बलों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रहे हैं।
जिस लासबेला इलाके में यह हमला हुआ है, वह पाकिस्तान के प्रमुख बंदरगाह शहर कराची के काफी करीब स्थित है। एन-25 राष्ट्रीय राजमार्ग कराची को प्रांतीय राजधानी क्वेटा और पश्चिमी बलूचिस्तान से जोड़ता है। यह रास्ता न केवल आम यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए जीवनरेखा है, बल्कि पाकिस्तानी सेना के आवागमन के लिए भी बेहद संवेदनशील माना जाता है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे कशारी और लासबेला क्षेत्र को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा कारणों से एन-25 राजमार्ग को फिलहाल यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
Also Read: लखनऊ पश्चिम के अहिरन खेड़ा में 2 करोड़ से सड़क-नाली निर्माण, पार्षद ने किया निरीक्षण

