कर्नाटक में फ्रिज फटने से घर में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले
Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक के बेलगावी शहर में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। शहर के चवहत गली इलाके में स्थित एक मकान में फ्रिज में अचानक हुए भीषण धमाके के बाद आग लग गई। इस अग्निकांड में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की सूचना मिलते ही मार्केट थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। देर रात घर में रखे फ्रिज में अचानक जोर का धमाका हुआ, जिसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई।
जब तक घर वाले कुछ समझ पाते, ज्वलनशील वस्तुओं के संपर्क में आने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर भागने तक का मौका नहीं मिला।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी सदस्य एक ही गरीब दिहाड़ी मजदूर परिवार के थे। घटना में गजानन डमोने (65 वर्ष), रोशन डमोने (21 वर्ष), शारदा डमोने (45 वर्ष) व भारती राडमोने (50 वर्ष) की जान चली गई है। वहीं प्रिया डमोने (28 वर्ष) और गंगा डमोने (25 वर्ष) झुलस गई हैं। दोनों झुलसी युवतियों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
त्योहार के दिन पसरा मातम
गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के दौरान घटे इस भीषण हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मार्केट पुलिस स्टेशन की टीम ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तफ्तीश में हादसा फ्रिज के कंप्रेसर में हुए धमाके के कारण होना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस बात की जांच कर रही है कि फ्रिज में शॉर्ट सर्किट हुआ था या कोई तकनीकी खराबी, और आग इतनी तेजी से कैसे फैली।
Also Read: इजराइली PM नेतन्याहू ने लेबनान में आतंकी ठिकाने तबाह करने की दी चेतावनी

