Bareilly News: पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप मेरठ से गिरफ्तार, किसानों से करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप
Bareilly News: बरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में होटल और फैक्टरी लगाने के नाम पर किसानों की जमीनों को खरीदकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के बड़े मामले में बरेली क्राइम ब्रांच को सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी और बसपा सरकार (2007) में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे पन्नालाल कश्यप को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। गाजियाबाद के नंदग्राम (गढ़ी) निवासी पन्नालाल कश्यप पर प्रदेश भर में करीब 38 मुकदमे दर्ज हैं। बरेली क्राइम ब्रांच की टीम उसे भोजीपुरा थाने ले आई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पन्नालाल कश्यप प्रदेश स्तर पर सक्रिय ठगों के एक संगठित गिरोह का सरगना है। बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरुण कुमार को इसकी कमान सौंपी थी। गाजियाबाद में दी गई दबिश के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, लेकिन क्राइम ब्रांच ने आखिरकार मेरठ में लोकेशन ट्रैक कर उसे दबोच लिया। भोजीपुरा थाने में उसके खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कई अन्य मामलों की जांच में भी उसके नाम की पुष्टि हुई है।
दो साल पहले दर्ज हुई थी एफआईआर
इस गिरोह की ठगी का शिकार हुए किसान पिछले तीन सालों से एफआईआर दर्ज कराने के लिए दर-दर भटक रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए दो साल पहले तत्कालीन आईजी राकेश कुमार सिंह और वर्तमान एसएसपी अनुराग आर्य की पहल पर पीड़ितों की शिकायतें दर्ज होनी शुरू हुईं। पन्नालाल के खिलाफ दर्ज 38 मामलों में से सबसे ज्यादा केस भोजीपुरा और मीरगंज थानों में पंजीकृत हैं।
जब शुरुआत में स्थानीय थाना पुलिस इस मामले में कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी, तो एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए सभी मुकदमों की विवेचना क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी। एसएसपी ने पन्नालाल कश्यप की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार सक्रिय हैं और इस गिरोह से जुड़े बाकी आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: स्वतंत्र भारद्वाज को पटियाला हाउस कोर्ट से अंतरिम जमानत

