अब वाराणसी के नए क्रिकेट स्टेडियम में बरसेंगे चौके-छक्के, BCCI का ये प्लान आया सामने

Varanasi Cricket Stadium: उत्तर प्रदेश और खासकर वाराणसी मंडल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के गंजारी में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जल्द बड़े मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। भगवान शिव की थीम पर बने इस स्टेडियम में पहले रणजी ट्रॉफी, फिर महिला प्रीमियर लीग (WPL) और आगे चलकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच कराने की तैयारी है।

WPL के लिए वाराणसी का नाम चिन्हित

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, WPL संचालन परिषद की बैठक में अगले सत्र के लिए वाराणसी के अलावा मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) और वडोदरा को संभावित आयोजन स्थल के तौर पर चिन्हित किया गया है। WPL के मुकाबले अगले साल जनवरी और फरवरी में होने हैं।

मुंबई और वडोदरा में ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 के मैच भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में वाराणसी को WPL के अधिक मुकाबलों की मेजबानी मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला संबंधित बैठक और तैयारियों के बाद होगा।

पहले रणजी मैच से होगी शुरुआत

स्टेडियम का काम लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल अंतिम तैयारियां चल रही हैं। संभावना है कि अक्टूबर-नवंबर में यहां रणजी ट्रॉफी का मुकाबला कराया जाए। इससे नई पिच, मैदान और अन्य व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखी जा सकेगी।

अगर रणजी मैच का आयोजन सफल रहता है, तो वाराणसी को WPL की मेजबानी मिल सकती है। WPL में विदेशी स्टार खिलाड़ी भी हिस्सा लेती हैं। इसके बाद बीसीसीआई वाराणसी में IPL मैच कराने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। इस तरह नया स्टेडियम पूर्वांचल में क्रिकेट का बड़ा केंद्र बन सकता है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.