Bareilly News: एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 35 लाख की अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की बरेली ऑपरेशनल यूनिट ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 किलो 320 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक बाइक, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई है।

पुलिस महानिदेशक (DGP) और आईजी एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशों पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान एएनटीएफ यूनिट बरेली को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर प्रभारी उप-निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में टीम ने भमोरा थाना क्षेत्र स्थित इफ्को (IFFCO) फैक्ट्री के मटीरियल गेट के पास घेराबंदी की। 17 सितंबर को पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे विशाल (पुत्र राजपाल सिंह, निवासी ग्राम सिसौना, थाना बिसारतगंज, बरेली) को गिरफ्तार कर लिया।

झारखंड से पंजाब जुड़ी तस्करों की कड़ियां

कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त विशाल ने खुलासा किया कि वह और उसका एक साथी (पार्टनर) झारखंड से आए एक व्यक्ति से बरेली रेलवे स्टेशन पर सस्ते दामों में यह अफीम खरीदकर लाए थे। इस खेप को वे पंजाब ले जाकर किसी बड़े नेटवर्क को ऊंचे दामों में सप्लाई करने वाले थे। गुरुवार को भी वह अफीम की डिलीवरी देने की फिराक में ही निकला था, लेकिन रास्ते में ही एएनटीएफ की टीम ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से 6.320 किग्रा अफीम, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 770 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना भमोरा (बरेली) में आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 387/2026 के तहत धारा 8/18/29/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना और पंजाब व झारखंड से जुड़े बाकी कड़ियों की तलाश में जुट गई है।

रिपोर्ट- रजा शेख

Also Read: Lucknow News: ICU से स्वस्थ लौटे मरीजों और परिजनों का हुआ सम्मान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.