नंदीग्राम में ट्विस्ट पर ट्विस्ट, ममता के समर्थन के कुछ घंटे बाद कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान गिरफ्तार
Nandigram Bypoll: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव में शुक्रवार को अचानक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने के ऐलान के कुछ ही घंटे बाद बंगाल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी एक पुराने मामले के सिलसिले में हुई है। मामले की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
गिरफ्तारी ऐसे वक्त हुई है, जब नंदीग्राम सीट पर विपक्षी खेमे की राजनीति में दिनभर तेजी से घटनाक्रम बदला। Mamata Banerjee के खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने का ऐलान किया और इसे INDIA गठबंधन के व्यापक हित से जोड़ा।
पहले TMC उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन
संचिता प्रधान डे के नामांकन वापस लेने से पहले उनके मुख्यमंत्री और BJP नेता शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की जानकारी सामने आई थी। मुलाकात के बाद उन्होंने नंदीग्राम उपचुनाव (Nandigram Bypoll) से अपना नाम वापस ले लिया। हालांकि, उनके नामांकन वापस लेने की वजह की आधिकारिक तौर पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इसके बाद ममता बनर्जी ने कहा कि उनका गुट नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करेगा। उन्होंने चुनाव आयोग के फैसले पर भी सवाल उठाए और इसे लोकतंत्र के लिए “काला दिन” बताया।
TMC के नाम और चुनाव चिह्न पर भी विवाद
नंदीग्राम का यह घटनाक्रम तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुआ है। चुनाव आयोग ने 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए मूल ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फूल-घास’ वाले पारंपरिक चुनाव चिह्न को अंतरिम तौर पर फ्रीज कर दिया है।
आयोग ने ममता बनर्जी के गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न दिया है। वहीं दूसरे गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। यह व्यवस्था फिलहाल अंतरिम है।
अब ममता के समर्थन के बाद कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी ने नंदीग्राम उपचुनाव (Nandigram Bypoll) को और चर्चा में ला दिया है। मिलन प्रधान के खिलाफ पुराने मामले की पूरी जानकारी और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर फिलहाल नजर बनी हुई है।
Also Read: ‘वोट चोरी, सरकार चोरी, अब पार्टी चोरी’! ममता के समर्थन में उतरे राहुल, सरकार और EC को घेरा

