BCCI AGM में 10 बड़े फैसले, IPL गवर्निंग काउंसिल में शामिल हुए 2 नए सदस्य
BCCI AGM 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की 95वीं सालाना आम बैठक (AGM) शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को मुंबई स्थित बोर्ड मुख्यालय में हुई। बैठक में IPL से जुड़े फैसलों के साथ वित्तीय मामलों और क्रिकेट प्रशासन को लेकर कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
जनरल बॉडी ने अरुण सिंह धूमल और एम खैरुल जमाल मजूमदार को IPL गवर्निंग काउंसिल में अपने प्रतिनिधि के तौर पर चुना है। दोनों अब काउंसिल के सदस्य होंगे।
बजट और 2027 IPL को लेकर फैसला
AGM में वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिट किए गए अकाउंट्स स्टेटमेंट को मंजूरी दी गई। इसके अलावा 2026-27 का सालाना बजट पास किया गया और इसी वित्त वर्ष के लिए ऑडिटर भी नियुक्त किए गए।
जनरल बॉडी ने सर्वसम्मति से 2027 में होने वाले IPL के 20वें संस्करण को भव्य तरीके से आयोजित और सेलिब्रेट करने का फैसला किया।
2028 में BCCI के 100 साल पूरे होने का जश्न
BCCI ने अपने शताब्दी समारोह की तैयारी भी शुरू कर दी है। बोर्ड के मुताबिक 2028 में 100 साल पूरे होने का जश्न सालभर चलने वाले कार्यक्रमों के जरिए मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत दिसंबर 2027 में होगी और कार्यक्रम 2028 तक चलेंगे।
इसके अलावा अंपायरों और मैच रेफरी के पेमेंट स्ट्रक्चर और ग्रेड री-क्लासिफिकेशन को मंजूरी दी गई। यौन उत्पीड़न रोकथाम नीति के तहत नई इंटरनल कमिटी बनाई गई। उम्र सत्यापन नीति अपडेट कर अपनाई गई। राज्य इकाइयों के साथ दिव्यांग क्रिकेटरों के विकास के लिए सुविधाओं और संसाधनों पर भी चर्चा हुई।
Also Read: समय रैना और मेधा शंकर की दिसंबर में शादी? वायरल पोस्ट ने मचाई हलचल

