गणेश विसर्जन में पथराव पर बवाल, सपा सांसद पप्पू निषाद पर FIR, उपद्रवियों पर भी केस
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया है। बखिरा के अमरडोभा चौराहे पर शुक्रवार देर रात हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद (Pappu Nishad) की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, पथराव और तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ। वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर सांसद, उनके समर्थक जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव और करीब आधा दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट (SC-ST Act), गाड़ी से कुचलने के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सांसद Pappu Nishad ने लगाया हमले का आरोप
पप्पू निषाद ने आरोप लगाया कि रात करीब 10:30 बजे वह सहयोगियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ बेलहर कला स्थित आवास जा रहे थे। अमरडोभा चौराहे पर गणेश विसर्जन जुलूस के चलते भीड़ थी। पुलिसकर्मी उनके काफिले को निकाल रहे थे, तभी कुछ लोगों ने गाड़ी पर लगा झंडा देखकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
सांसद के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और काफिले के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है।
दूसरे पक्ष ने गाड़ी से कुचलने का लगाया आरोप
दूसरे पक्ष से संतोषपुर निवासी विशाल ने आरोप लगाया कि डीजे का जनरेटर खराब होने के बाद जुलूस रुक गया था। इसी दौरान सांसद का काफिला हूटर बजाते हुए जुलूस के बीच से आगे बढ़ा। आरोप है कि सांसद की गाड़ी की चपेट में आने से विशाल के पैर और घुटने में चोट लगी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि विरोध करने पर सांसद Pappu Nishad के समर्थकों ने गाली-गलौज और मारपीट की। जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव पर भी थप्पड़ मारने और धमकी देने का आरोप है। इसी दौरान पत्थर लगने से सांसद की गाड़ी का शीशा टूट गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोप दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV और वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

