Lucknow News: मोबाइल की किस्त नहीं चुकाई तो युवक को बनाया बंधक, जबरन ब्लड निकलवाने का था आरोप, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
Lucknow News: मोबाइल की किस्त नहीं चुकाने पर युवक को कथित तौर पर रास्ते से उठाकर चार दिन तक बंधक बनाने और जबरन मजदूरी कराने का मामला सामने आया है।
निगोहां पुलिस ने मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शुभम सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी किस्त वसूली से जुड़े काम में शामिल था। मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
चार दिन बंधक बनाकर मजदूरी कराने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को राजारामखेड़ा निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप है कि उसके बेटे नेवल कुमार को मोबाइल की किस्त बकाया होने के कारण शुभम सिंह और उसके साथियों ने कथित तौर पर अपने साथ ले लिया।
शिकायत के मुताबिक, युवक को करीब चार दिन तक बंधक बनाकर मजदूरी कराई गई।
इसी दौरान उसकी इच्छा के विरुद्ध रक्त निकलवाने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस दौरान 2,799 रुपये की मोबाइल किस्त ऑनलाइन जमा कराई गई।
50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
पुलिस ने मामले में अनिकेत सिंह उर्फ काका और सुशान्त शर्मा को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।
विवेचना के दौरान शुभम सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गईं।
पुलिस का दावा है कि आरोपी तक पहुंचने के लिए 50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 20 सितंबर को शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शुभम सिंह ने खुद को टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज लिमिटेड, विभूतिखंड में फील्ड एजेंट बताया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह साथियों के साथ बकायेदारों से किस्त वसूली का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि नेवल कुमार की किस्त बकाया थी। कई बार घर जाने के बाद भी उसके नहीं मिलने पर उसे गांव के बाहर से कथित तौर पर उठा लिया गया।
इसके बाद एक ब्लड सेंटर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध एक यूनिट रक्त निकलवाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, युवक को करीब चार दिन तक एक घर में रखकर छत का प्लास्टर तोड़ने की मजदूरी भी कराई गई।
एक्टिवा और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा-125 (UP 32 RL 8613) और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित, उपनिरीक्षक चन्दन कुमार यादव, उपनिरीक्षक हर्ष वर्मा और कांस्टेबल मुनेन्द्र कुमार शामिल रहे।
डीसीपी साउथ दोपहर दो बजे अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में विस्तृत जानकारी देंगे।

