कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ससुराल के 7 लोगों की बेरहमी से की हत्या, नींद की गोलियां देकर दिया वारदात को अंजाम

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ राजाजीनगर थाना पुलिस ने अपनी पत्नी और उसके परिवार के सात सदस्यों की जघन्य हत्या के आरोप में एक कैब ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है, जो पिछले 8 वर्षों से भाष्यम सर्कल के पास एक किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने लगभग 15 दिनों के अंतराल में इस पूरे नरसंहार को अंजाम दिया। आरोपी ने ससुराल वालों को अच्छा मटन खिलाने के बहाने अपने किराए के घर पर बुलाया और खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। जब सभी सदस्य बेहोश हो गए, तो उसने सिल-बट्टे और अन्य भारी वस्तुओं से उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शवों को अपनी कार में लादकर अलग-अलग इलाकों में फेंक दिया।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है-

पत्नी: सुनीता

साले: शिवकुमार और शंकर

सरहज (साले की पत्नियां): दिव्या (शिवकुमार की पत्नी) और नलिनी (शंकर की पत्नी)

सास व भांजा: सास रूपावती और शिवकुमार का बेटा पुनीत।

पुलिस के सामने विरोधाभासी दावे

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी इंदुशेखर ने दावा किया कि उसने यह कदम वर्षों से झेले जा रहे मानसिक उत्पीड़न के कारण उठाया। आरोपी का कहना था कि उसकी पत्नी उसे लगभग 20 वर्षों से परेशान कर रही थी, उसे ‘निकम्मा’ समझती थी और हर झगड़े में उसके ससुराल वाले हमेशा पत्नी का ही पक्ष लेते थे।

दूसरी ओर, पीड़ितों के अन्य रिश्तेदारों ने आरोपी के मानसिक उत्पीड़न के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विवाद केवल पत्नी से था, तो उसने मासूम बच्चे समेत पूरे परिवार का खात्मा क्यों किया? परिजनों ने अंदेशा जताया है कि इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे संपत्ति का विवाद मुख्य वजह हो सकता है।

नंदी हिल्स से बरामद हुआ बच्चे का शव

हत्याकांड को छिपाने के लिए आरोपी ने बेहद शातिराना चाल चली। उसने परिजनों को मोबाइल से संदेश भेजा कि पूरा परिवार दशहरा त्योहार पर तीन दिनों के लिए होगेनक्कल घूमने जा रहा है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है। इसके अलावा आरोपी की बेटी के जरिए भी अन्य सदस्यों को घर बुलवाया गया था। लंबे समय तक फोन न उठने और घर पर ताला लटके मिलने के बाद जब रिश्तेदारों को शक हुआ, तो वे पुलिस के पास पहुंचे।

पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली और प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चिक्काबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स के पास से बच्चे पुनीत का शव बरामद कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में गठित विशेष टीम अन्य 6 शवों की तलाश और सबूत जुटाने में लगी हुई है।

Also Read: उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित कर बोले सीएम योगी, अब कोई भाई-भतीजावाद नहीं, 25 करोड़ जनता ही परिवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.