पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में लगी आग, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के राजपुरा स्थित सराय बंजारा के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चलती ट्रेन में यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। डिब्बों से उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
यह दुर्घटना राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले इंजन की तरफ से पांचवें कोच में दिखाई दी, जिसके बाद देखते ही देखते लपटों ने आसपास के तीन अन्य डिब्बों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की खबर मिलते ही ट्रेन को सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास मध्य सरहिंद-राजपुरा रेलखंड पर रोक दिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
जैसे ही धुएं और आग की भनक लगी, लोको पायलट ने असाधारण सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन को नियंत्रित कर रोक दिया। ट्रेन रुकते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती दौर में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन प्रशासनिक पुष्टि के बाद किसी भी यात्री के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे कर्मचारियों और राहत-बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि रेलवे और स्थानीय प्रशासन की ओर से घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और क्षतिग्रस्त चारों कोचों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Also Read: दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में दिखेगा गुरु रंधावा का जलवा, स्टीव आओकी के साथ मचाएंगे धमाल

