कमीशनखोरी के लिए जानबूझकर कराए जा रहे पेपर लीक, अखिलेश यादव का सरकार पर बड़ा आरोप
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर पेपर लीक और सरकारी नौकरियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं जानबूझकर कराई गईं, ताकि सरकारी नौकरियों की जगह आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दिया जा सके।
सपा प्रमुख ने कहा कि आउटसोर्सिंग में कंपनियों के जरिए कमीशन मिलने की गुंजाइश रहती है, जबकि सरकारी नौकरी में बजट से ऐसा कमीशन नहीं लिया जा सकता। उन्होंने इसे युवाओं के रोजगार से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।
आरक्षण और PDA को लेकर भी हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने एक ऑडिट के जरिए सरकारी विभागों में आरक्षण की स्थिति की जांच की थी। उनका दावा है कि करीब 11 हजार पदों पर PDA समाज के अधिकारों के साथ धोखा हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे पर एक किताब भी जारी की थी और सरकार से उसके किसी एक पन्ने का जवाब देने को कहा था, लेकिन जवाब नहीं मिला।
उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। अखिलेश के मुताबिक, कई मामलों में अज्ञात के खिलाफ FIR हुई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
AI और 2027 चुनाव पर भी बोले
सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने भाजपा पर AI के जरिए नकारात्मक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता अपने स्तर पर वीडियो बनाते हैं। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी रिकॉर्ड सीटें जीतेगी और कार्यकर्ता जनता के बीच सरकार के मुद्दे लेकर जाएंगे।
Also Read: लखनऊ में CM आवास के पास टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा

