लखनऊ में पति की हत्या का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, चाकू से गला रेता
Lucknow News: लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय रामबाबू मौर्य की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी पुष्पा मौर्य ने अपने रिश्तेदार नीरज मौर्य के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 13, 14 सितंबर की रात रामबाबू की गला रेतकर हत्या की गई थी। 14 सितंबर को उनके भाई श्याम बाबू मौर्य की तहरीर पर कृष्णानगर थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गई थीं।
200 CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने करीब 180 से 200 CCTV फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से नीरज मौर्य और पुष्पा मौर्य की पहचान हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस पूछताछ में पत्नी ने क्या बताया
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पुष्पा ने बताया कि शादी के करीब 12 साल बाद उसके रिश्तेदार नीरज से प्रेम संबंध बन गए थे। इसकी जानकारी रामबाबू को होने के बाद पति-पत्नी में विवाद होने लगा और नीरज का घर आना-जाना बंद हो गया।
पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों ने हत्या की योजना बनाई। पहले रामबाबू की बाइक गायब कराई गई और फिर नीरज ने बाइक बरामद कराकर उनका भरोसा दोबारा जीता। 13 सितंबर को पुष्पा के घर से बाहर जाने के बाद नीरज ने रामबाबू को पार्टी के बहाने कृष्णानगर बुलाया और शराब पिलाने के बाद घरेलू चाकू से गले पर वार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, नीरज पहले भी 2018 के एक हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है।
Also Read: कमीशनखोरी के लिए जानबूझकर कराए जा रहे पेपर लीक, अखिलेश यादव का सरकार पर बड़ा आरोप

