लखनऊ में सांड के हमले से 65 वर्षीय किसान की मौके पर मौत, गोशाला व्यवस्था पर उठे सवाल

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय किसान की जान चली गई। राज कुमार मौर्या उर्फ राजू अपने आम के बाग में गाय बांधने गए थे। इसी दौरान बाग में घूम रहे एक घुमंतू सांड ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किसान की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद परिजन खेत पहुंचे तो उनका शव पड़ा मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

लखनऊ (Lucknow) के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी संजर खां निवासी राज कुमार मौर्या उर्फ़ राजू (65) सोमवार दोपहर करीब 11 बजे वह अपने आम के बाग में गाय बांधने गए थे। इसी दौरान बाग में घूम रहे एक घुमंतू सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल होकर राज कुमार खेत में गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद राजू के छोटे भाई प्रदीप मौर्या और प्रदीप की पत्नी सुशीला अपनी भैंस बांधने के लिए खेत पहुंचे। वहां राज कुमार को मृत अवस्था में पड़ा देखकर उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि जिस सांड ने राज कुमार पर हमला किया है वह काफी समय से गांव में घूम रहा है और अक्सर लोगों को दौड़ा लेता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से घुमंतू सांड को तत्काल पकड़वाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो सके। मृतक के परिवार में पत्नी रामरती के अलावा चार विवाहित बच्चे विमल, दुर्गेश, आरती और चांदनी हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

‘गौशाला में होता सांड तो शायद नहीं जाती किसान की जान’

घुमंतू सांड के हमले से मरे राजकुमार मौर्य ने सरकारी तंत्र पर कई सवाल खड़े कर दिये है। ग्रामीणों ने बताया कि विकास खंड मलिहाबाद में करीब एक दर्जन गोशालाएं होने के साथ नगर पंचायत में एक गोपेश्वर गौशाला है। विकास खंड की गौशालाओं में पल रहे गौवंशों पर सरकार लगातार लाखों रुपए खर्च कर रही है साथ ही गोपेश्वर गौशाला को भी काफी फंड दिया जाता है।

मृतक राजकुमार मौर्य जिस गांव का रहने वाला है उससे महज एक किलोमीटर पर ही गोपेश्वर गौशाला स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह घुमंतू सांड गौशाला में होता तो आज सोमवार को किसान की असमय मौत नहीं होती। किसान की मौत ने गोपेश्वर गौशाला सहित विकास खंड की ग्राम पंचायतों में बने गौशालाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिये है। ब्लॉक के अधिकारियों सहित गोपेश्वर गौशाला प्रशासन पर भी प्रश्नचिन्ह लगा है कि क्षेत्र में यह घुमंतू गौवंश कैसे खुलेआम घूम रहे है।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम न करने के लिए लिखित प्रार्थना पत्र देने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

रिपोर्ट – सुरेन्द्र कुमार 

Also Read: लखनऊ KGMU में नर्सिंग छात्रा की मौत पर बवाल, सैकड़ों छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासन पर गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.