दिल्ली में 6 साल की बच्ची से रेप, हिरासत में 34 वर्षीय आरोपी, पुलिस चौकी पर लोगों का हंगामा

Delhi Minor Girl Rape Case: नई दिल्ली में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना सेंट्रल दिल्ली के देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने 34 वर्षीय एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में POCSO Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार 21 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे कुछ स्थानीय लोग बच्ची और उसके परिजनों के साथ शिदीपुरा पुलिस चौकी पहुंचे। उनके साथ आरोपी भी था, जिसे लोगों ने कथित तौर पर किशनगंज इलाके में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न करते हुए पकड़ा था।

किशनगंज का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने आरोपी की पहचान 34 वर्षीय अंकित के रूप में की है। वह दिल्ली के किशनगंज इलाके का रहने वाला बताया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बच्ची के परिजनों और घटना से जुड़े अन्य लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है। आरोपी के खिलाफ POCSO Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस चौकी पर जुटी भीड़, नारेबाजी

Delhi Minor Girl Rape Case

घटना (Delhi Minor Girl Rape Case) की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शिदीपुरा पुलिस चौकी पर जमा हो गए। लोगों ने चौकी का घेराव कर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

सेंट्रल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात रखा गया है।

पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

Also Read: लखनऊ में फर्जी पुलिस ID से अपहरण, बंदूक के दम पर 13 लाख और जेवर ऐंठे, 6 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.