UP के 5 शहरों में फास्ट फूड पर बड़ा एक्शन, 180+ आउटलेट्स पर रेड, 12 लाइसेंस निलंबित

UP Food Safety Drive: उत्तर प्रदेश में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाना सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) का ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान जारी है। सोमवार को कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में फास्ट फूड चेन और रेस्तरां की जांच की गई। पांचों जिलों में 180 से ज्यादा यूनिट्स का निरीक्षण हुआ और गंभीर कमियों पर 110 से अधिक सुधार नोटिस दिए गए। 12 प्रतिष्ठानों और एक फूड कोर्ट का लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद करा दिया गया।

जांच में सिर्फ खाने की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि किचन हाइजीन, साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, ड्रेनेज, फूड स्टोरेज, कच्चे माल की गुणवत्ता, वेज-नॉनवेज अलग रखने और फूड लेबलिंग जैसी व्यवस्थाएं भी देखी गईं।

किस शहर में कितनी जांच?

  • कानपुर नगर: 38 टीमों ने 52 यूनिट्स की जांच की।
  • आगरा: 21 टीमों ने 38 यूनिट्स देखीं।
  • गाजियाबाद: 36 टीमों ने 80 यूनिट्स का निरीक्षण किया।
  • प्रयागराज: 15 टीमों ने 30 यूनिट्स की जांच की।
  • वाराणसी: 20 टीमों ने 40 यूनिट्स का निरीक्षण किया।

कानपुर में कई जगह मिली गंभीर गंदगी

कानपुर में कई प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों (Food Safety Standards) की अनदेखी मिली।

  • रेव मोती मॉल फूड कोर्ट: गंदगी, टूटी दीवारें और फर्श पर खाना मिलने पर सभी 10 दुकानों को सुधार होने तक बंद किया गया।
  • ला पीनोज पिज्जा, सैफायर मॉल: कीड़े, एक्सपायर सॉस, खराब पनीर और वेज-नॉनवेज के लिए एक ही बर्तन मिले। लाइसेंस निलंबन की सिफारिश हुई।
  • वेलफेल सैम/केशव राज एंड संस: पैकेट पर निर्माण-एक्सपायरी तारीख और सामग्री का नाम नहीं मिला।
  • Nii Haau, स्क्वायर मॉल: जाम नाले, गंदगी और वेज-नॉनवेज के लिए एक ही बर्तन मिला।
  • बिरयानी क्वीन: आटे में कीड़े, गंदगी और इस्तेमाल किए गए तेल में भी गंदगी मिली।
  • स्पाइसी फास्ट फूड रेस्टोरेंट: खुले नाले के पास दुकान, गंदगी और किचन में बदबू मिली।
  • ग्लोबल बेकर्स एंड कैफे: वेज-नॉनवेज एक साथ रखा और बनाया जा रहा था। नाला और किचन प्लेटफॉर्म भी खराब हालत में मिले।

आगरा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी में भी कार्रवाई

आगरा के द पार्क रेस्टोरेंट, सदर बाजार में जाम नाला और गंदा किचन मिला। वाराणसी के कैफे कॉफी डे, सारनाथ बिल्डिंग में टूटी छत, गंदा स्टोरेज और अस्वच्छ टॉयलेट मिला। ला पीनोज, अर्दली बाजार में डस्टबिन के पास कीड़े और वेज-नॉनवेज अलग बनाने की उचित व्यवस्था नहीं मिली।

प्रयागराज के आर्यन फैमिली डेलाइट, PVR मॉल में कच्चे-पके भोजन का सही भंडारण नहीं था। किचन गंदा मिला और कच्चे मीट की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। गाजियाबाद में 80 यूनिट्स की जांच के दौरान भी सफाई, कीड़े, नाले और वेज-नॉनवेज अलग रखने जैसी व्यवस्थाओं की जांच की गई। कमियां मिलने पर नोटिस दिए गए और गंभीर मामलों में आगे कार्रवाई जारी है।

विभाग (FSDA) के मुताबिक, छोटी कमियों पर सुधार का मौका दिया जा रहा है, जबकि गंभीर लापरवाही मिलने पर कारोबार बंद कराने और लाइसेंस निलंबित करने जैसी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: लखनऊ KGMU में नर्सिंग छात्रा की मौत पर बवाल, सैकड़ों छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासन पर गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.