सपा दफ्तर के बाहर हनुमान जी का आशीर्वाद लेते दिखे अखिलेश, पोस्टर में लिखा- विजयी भव:
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय बाकी है, लेकिन राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में राजनीतिक माहौल अभी से गरमाने लगा है। प्रदेश की राजनीति में एक नया पोस्टर वार छिड़ गया है। इसी चुनावी सरगर्मी के बीच लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक नया और बड़ा पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव दोनों हाथ जोड़कर भगवान हनुमान से आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘विजय भवः 2027’ लिखा हुआ है, जिसके जरिए पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीत का संदेश देने की कोशिश की है।
पोस्टर में मुलायम सिंह और डिंपल यादव की भी तस्वीरें
सपा कार्यालय के बाहर लगे इस नए पोस्टर के जरिए 2027 के रण के लिए रणनीतिक और आध्यात्मिक संदेश देने का प्रयास किया गया है। पोस्टर में अंकित ‘विजय भव:’ का सीधा अर्थ है- ‘आप 2027 के चुनाव में विजयी हों।’ इस पोस्टर में केवल अखिलेश यादव ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव की तस्वीरें भी प्रमुखता से छापी गई हैं। यूपी की राजनीति में पोस्टरों के जरिए माहौल बनाने और प्रतिद्वंद्वी पार्टियों को जवाब देने का यह सिलसिला अब और तेज़ हो गया है।
सपा अध्यक्ष के खिलाफ 10 शहरों में लगे थे विवादित पोस्टर
गौरतलब है कि अखिलेश यादव का यह आशीर्वाद लेता पोस्टर उस घटनाक्रम के ठीक बाद सामने आया है, जब हाल ही में लखनऊ, गाजीपुर और मुरादाबाद समेत प्रदेश के करीब 10 प्रमुख शहरों में सपा अध्यक्ष के खिलाफ अचानक तीखे पोस्टर लगा दिए गए थे। उन विवादित पोस्टरों में अखिलेश यादव के साथ अतीक अहमद, आजम खान, मुख्तार अंसारी और रमाकांत यादव जैसे नेताओं व बाहुबलियों की तस्वीरें छापी गई थीं। उन पोस्टरों पर ‘आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार; माफिया राज और अखिलेश, लूट लिया था पूरा प्रदेश’ जैसे गंभीर और हमलावर नारे लिखे गए थे।

