लोहिया संस्थान में सफाई कर्मियों का हंगामा, 2 साथियों से मारपीट का आरोप
Lucknow News: लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार सुबह सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रशासनिक भवन पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी की। सफाई कर्मियों ने दो साथियों के साथ कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
सफाई कर्मियों के मुताबिक, सोमवार सुबह इमरजेंसी के ट्राएज एरिया में सफाई के दौरान वॉशरूम में नवजात का शव मिला था। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी संस्थान के अधिकारियों को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच घंटे कमरे में बंद रखने का आरोप
इसी मामले में सफाई कर्मी रामचंद्र और मोहन का आरोप है कि सूचना देने के बाद उन्हें प्रशासनिक भवन बुलाया गया। दोनों के मुताबिक, वहां सुरजीत सिंह, राजेश यादव समेत कुछ सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने जातिसूचक गालियां देने और करीब पांच घंटे तक एक कमरे में बंद रखने का भी आरोप लगाया है।
दोनों कर्मचारियों ने सोमवार देर शाम वीडियो बनाकर अपनी बात रखी। इसके बाद मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सफाई कर्मी प्रशासनिक भवन पहुंच गए।
थाना प्रभारी को दी तहरीर
रामचंद्र और मोहन ने विभूतिखंड थाना प्रभारी को तहरीर देकर सुरजीत सिंह, राजेश यादव समेत अज्ञात सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में मारपीट, अभद्रता और जबरन कमरे में बंद रखने के आरोप लगाए गए हैं।
सफाई कर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। नवजात का शव मिलने और इसके बाद सफाई कर्मियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने से संस्थान में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

