पंजाब लैंड यूज घोटाले में ED ने GMADA दफ्तर समेत 20 से अधिक ठिकानों पर की छापेमारी

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब से जुड़े एक बड़े वित्तीय अनियमितता के मामले में सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह ईडी की टीमों ने पंजाब के मोहाली, चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकूला समेत लगभग 20 से 25 अलग-अलग परिसरों पर एक साथ दस्तक दी। जांच का मुख्य केंद्र मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) का दफ्तर रहा, जहाँ केंद्रीय अधिकारियों की मौजूदगी में सघन तलाशी ली जा रही है।

तीन राज्यों की टीमों ने संभाला मोर्चा

जानकारी के अनुसार, दिल्ली, चंडीगढ़ और जालंधर से आई ईडी की विशेष टीमों ने सुबह तीन वाहनों में गमाडा परिसर पहुंचकर मुख्य विभागों को अपने घेरे में ले लिया। टीम ने कार्यालय में दाखिल होते ही भूमि और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स को कब्जे में लेकर खंगालना शुरू कर दिया।

यह पूरी कार्रवाई गमाडा से संबंधित लगभग 150 करोड़ रुपये के चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) और विकास शुल्क में हुई बड़ी धांधली की पड़ताल से जोड़कर देखी जा रही है। सूत्रों की मानें तो न्यू चंडीगढ़ स्थित सनटेक सिटी सहित कई प्रमुख रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स इस जांच की सीधी ज़द में हैं।

बताया जा रहा है कि इस मामले में ईडी पहले भी दो प्रमुख बिल्डरों के ठिकानों की तलाशी ले चुकी है। गमाडा दफ्तर में जारी इस पड़ताल का मुख्य मकसद यह पता लगाना है कि प्रोजेक्ट्स की मंज़ूरी, ज़मीन के उपयोग बदलाव (CLU) और फीस वसूली की प्रक्रियाओं में किन-किन नियमों को दरकिनार किया गया। फिलहाल केंद्रीय एजेंसी ने आधिकारिक रूप से कोई विवरण साझा नहीं किया है। फाइलों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस कार्रवाई में क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य बरामद हुए हैं।

Also Read: Asian Games 2026: भारत ने श्रीलंका को 147 रन से रौंदा, महिला क्रिकेट टीम ने जीता गोल्ड मेडल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.