अकेले कोई BJP को नहीं हरा सकता, इमरान मसूद ने साथ मिलकर लड़ने की दी सलाह
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की भावी राजनीतिक बिसात को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सपा सांसद इकरा हसन के उस बयान पर सियासी चर्चा छिड़ गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूपी में भाजपा को शिकस्त देने में सिर्फ अखिलेश यादव सक्षम हैं और कांग्रेस अकेले अधिक कुछ नहीं कर सकती। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि कोई भी राजनीतिक दल अकेले भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता, इसलिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए।
इकरा हमारी बच्ची जैसी हैं, साथ मिलकर चलने में ही भलाई
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में इमरान मसूद ने स्नेहपूर्ण लहजे में कहा, इकरा हमारी बच्ची हैं, भतीजी जैसी हैं। वह भी अकेले यह सब नहीं कर सकतीं। कौन क्या बयान दे रहा है, उस पर ज्यादा ध्यान देने के बजाय विपक्ष को एकजुट होकर चलना चाहिए। मसूद ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव से पहले कई नेता तरह-तरह के दावे करते हैं, लेकिन नतीजों के बाद स्थिति अलग होती है। इसलिए साथ मिलकर चलना ही सभी के हित में है।
सीएम योगी पर साधा निशाना
बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार पर भी तीखा हमला बोला। चंदे के पैसों में गबन के आरोपों का जिक्र करते हुए मसूद ने कहा, आपकी सरकार के कार्यकाल में चंदे का पैसा चोरी हो रहा है और सवाल उठाने पर हम विरोधी बन जाते हैं। आप चंदे की चोरी करें और हम चुप रहें, ऐसा नहीं हो सकता।
दूसरी तरफ, इकरा हसन के समर्थन में उतरे सपा नेता एसटी हसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की ज़मीनी हकीकत यही है कि भाजपा को हराने का दम केवल समाजवादी पार्टी में है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि कांग्रेस साथ आती है, तो गठबंधन की ताकत और बढ़ेगी, जिससे चुनाव में होने वाली गड़बड़ियों का मुकाबला मिलकर किया जा सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सपा और कांग्रेस मिलकर ही प्रदेश में अगली सरकार बनाएंगे।
Also Read: UP में 18 IPS अधिकारियों के तबादले, सतीश कुमार और संजीव सुमन को मिली नई जिम्मेदारी

