‘बुद्धि भ्रमित हो गई है, अच्छे डॉक्टर की जरूरत’, राजभर के पूर्वांचल वाले बयान पर शिवपाल का पलटवार
UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (2027 Assembly Election) से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Yadav) ने देवरिया में सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर (OP Rajbhar) पर तीखा पलटवार किया।
पूर्व सांसद और समाजवादी चिंतक मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे शिवपाल ने राजभर के हालिया बयानों पर कहा कि उनकी बुद्धि भ्रमित हो गई है और उन्हें अच्छे डॉक्टर व इलाज की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि राजभर की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता।
दरअसल, ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में देवरिया की सभा में उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया था कि अगर पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो राजभर समाज का बेटा उसका पहला मुख्यमंत्री बनेगा।
राम मंदिर चंदा मामले पर भाजपा को घेरा
Shivpal Yadav ने राम मंदिर (Ram Temple) के चंदे को लेकर भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राम के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन राम को भी नहीं छोड़ा। शिवपाल ने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर शिवपाल ने उन्हें प्रखर समाजवादी चिंतक बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर समाजवाद और गरीबों के मुद्दों के लिए काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों और आदर्शों पर चलने की अपील की।
मंच पर धक्का-मुक्की, शिवपाल ने लगाई फटकार
कार्यक्रम के दौरान शिवपाल (Shivpal Yadav) के स्वागत के लिए मंच पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और माला पहनाने को लेकर धक्का-मुक्की होने लगी। सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभाली। इसके बाद शिवपाल ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी और कहा कि पार्टी में सभी को अनुशासन का पालन करना होगा।
देवरिया में कपरवार से बरहज तक कई जगह कार्यकर्ताओं ने शिवपाल यादव का स्वागत भी किया।
Also Read: UP चुनाव 2027 के लिए सपा का Gen-Z पर फोकस, छात्रों से संवाद कर तैयार होगा घोषणा पत्र

