विवादों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का UP दौरा रद्द, मेरठ-वाराणसी में Gen-Z से होना था संवाद

Gyanesh Kumar UP Visit: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का उत्तर प्रदेश का प्रस्तावित दौरा स्थगित हो गया है। उन्हें 25 सितंबर को मेरठ और 28 सितंबर को वाराणसी में Gen-Z से संवाद करना था। मेरठ में निर्वाचक साक्षरता क्लब (ELC 2.0) और ECI-Net का क्षेत्रीय सम्मेलन भी प्रस्तावित था। दोनों कार्यक्रम फिलहाल टाल दिए गए हैं। चुनाव आयोग ने दौरा स्थगित करने की वजह नहीं बताई है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद चल रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों और आदेशों पर 14 से ज्यादा बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं। विपक्षी दलों ने इसे लेकर ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग राय होना सामान्य है और SIR समेत सभी फैसले पूर्ण आयोग ने सर्वसम्मति से लिए हैं।

अगस्त में भी हुआ था Gen-Z से संवाद

अगस्त में ज्ञानेश कुमार ने युवाओं के साथ संवाद कर निर्वाचन प्रक्रिया, वोटर लिस्ट, मतदान और आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी साझा की थी। इसी दौरान ELC 2.0 की शुरुआत भी की गई थी।

इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए मेरठ और वाराणसी में युवाओं से संवाद की योजना बनाई गई थी। मेरठ में पश्चिमी यूपी के शिक्षण संस्थानों के छात्रों और शिक्षकों से बातचीत होनी थी, जबकि वाराणसी में युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों और मतदाता सेवाओं की जानकारी दी जानी थी।

अब दोनों कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। आयोग की ओर से नई तारीख या कार्यक्रम टलने की वजह फिलहाल नहीं बताई गई है।

Also Read: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दीपके का नया कदम, CJP ने शुरू किया ऑनलाइन सिग्नेचर कैंपेन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.