रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में गूंजा दीपाली सहाय का ‘जय जय राम’, AR रहमान ने दिया मौका
Bollywood News: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म से सामने आए टीजर और ट्रेलर के बाद अब इसके गानों को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता देखने को मिल रही है। हाल ही में फिल्म का गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हुआ था, जिसे श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी थी। अब इस गाने के अलग-अलग भाषाओं में वर्जन भी सामने आ रहे हैं। इनमें तेलुगू वर्जन को इंडियन आइडल से पहचान बनाने वाली सिंगर दीपाली सहाय ने गाया है। दीपाली सहाय इससे पहले एआर रहमान के साथ काम कर चुकी हैं। कुछ समय पहले उन्होंने इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में ‘तेरे पास हूं मैं’ गाना गाया था। इस गाने के बाद उनकी आवाज को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी भी एआर रहमान ने संभाली थी। अब रहमान ने एक बार फिर दीपाली को अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘रामायण’ में गाने का मौका दिया है। उन्होंने राघव कौशिक के साथ फिल्म के ‘जय जय राम’ के तेलुगू वर्जन को अपनी आवाज दी है। दीपाली सहाय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इस अनुभव के बारे में बात की। वीडियो में वह टीवी पर अपना गाना सुनती नजर आ रही हैं। इसके बाद उन्होंने इस मौके के लिए एआर रहमान का आभार जताया। दीपाली ने बताया कि ‘जय जय राम’ का तेलुगू वर्जन कुछ ही दिन पहले रिकॉर्ड किया गया था। उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए खुशकिस्मत बताते हुए कहा कि इसका श्रेय वह एआर रहमान को देना चाहती हैं। सिंगर के मुताबिक, ‘तेरे पास हूं मैं’ के बाद उनसे लगातार पूछा जा रहा था कि क्या उन्हें रहमान के साथ दोबारा काम करने का मौका मिलेगा। अब ‘रामायण’ जैसी बड़ी फिल्म में ‘जय जय राम’ का तेलुगू वर्जन गाने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने अपने साथ गाने वाले राघव कौशिक और उन सभी लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें सपोर्ट किया। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और अरुण गोविल समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। फिल्म के पहले भाग की भारत में 8 नवंबर को रिलीज की योजना बताई गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसे 5 और 6 नवंबर को अलग-अलग चरणों में रिलीज किए जाने की जानकारी सामने आई है।‘रामायण’ के तेलुगू वर्जन में दीपाली की आवाज
एआर रहमान को दिया धन्यवाद
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’

