Bareilly News: कबाड़ की दुकान में हुई चोरी का खुलासा, पिकअप और औजारों के साथ चोर गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद के थाना हाफिजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिठौरा कस्बे में स्थित एक कबाड़ की दुकान में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। रिठौरा के जाटवपुरा निवासी अजय सागर ने 24 सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 23/24 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान से तांबा, पीतल, स्टील, मोटर और प्लास्टिक का भारी मात्रा में कबाड़ चोरी कर लिया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हाफिजगंज थाने के उप-निरीक्षक आकाश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने जांच तेज की। 25 सितंबर को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने भोजीपुरा तिराहा (कस्बा रिठौरा) के पास से वारदात में शामिल अभियुक्त मोहम्मद नाजिम (उम्र 28 वर्ष), निवासी चक महमूद (थाना बारादरी, बरेली) को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर रात में पिकअप वाहन से चोरी की घटना को अंजाम दिया था और वह सामान बेचने जा रहा था।

चोरी में प्रयुक्त पिकअप, लोहे का कटर और औजार जब्त

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी (संख्या UP25JT9459) समेत ताला तोड़ने और काटने में प्रयुक्त कटर, सम्बल, छेनी और हथौड़ा बरामद किया है। गाड़ी के वैध कागजात प्रस्तुत न कर पाने के कारण पिकअप को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। इसके अलावा मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी करते हुए अभियुक्त के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा बरामद सामान में 8 छोटे-बड़े मोटर (तांबे के तार सहित), 32 ट्रांसफार्मर कोर, तांबे की छड़, स्टील के बर्तन (थाली, भगोने, डिब्बे, टिफिन, ग्लास), वाटर हीटर रॉड और प्लास्टिक का अन्य कबाड़ शामिल है। इस सराहनीय सफलता को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उ०नि० आकाश कुमार, मुख्य आरक्षी विनोद यादव, आरक्षी सौरभ चौधरी, आकाश लोरिश और अनुज शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: बच्चों में क्रेनियोफेशियल विकृतियाँ बनीं बड़ी स्वास्थ्य चुनौती, इंडो गल्फ क्रेनियोफेशियल सोसाइटी की बैठक में होगी चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.