सहारनपुर के गणेशपुर टोल पर सवा करोड़ की स्टांप चोरी, ठेकेदारों से वसूली शुरू

Ganeshpur Toll Plaza: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शिवालिक वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर से पहले स्थित गणेशपुर टोल प्लाजा के संचालन को लेकर स्टांप शुल्क चोरी का मामला सामने आया है। विभाग ने छह महीने के दो अलग-अलग तीन-तीन महीने के ठेकों में 1.22 करोड़ रुपये से ज्यादा की स्टांप कमी चिन्हित की है। अब संबंधित ठेकेदार फर्मों से रकम की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

61.28 करोड़ के ठेकों पर स्टांप कमी

एआईजी स्टांप बृजेश सिंह चौधरी के मुताबिक, एनएचएआई रुड़की से मिली एग्रीमेंट कॉपी के आधार पर दोनों ठेकों की कुल रकम 61,28,00,970 रुपये है। इस पर 1,22,56,040 रुपये की स्टांप कमी सामने आई। उनके अनुसार टोल संचालन तीन-तीन महीने के अनरजिस्टर्ड एग्रीमेंट पर किया जा रहा था।

अधिकारी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ऐसे ठेके या लीज पर 2 प्रतिशत स्टांप शुल्क देय होता है। इसी आधार पर कमी की गणना की गई है।

तीन महीने में रोजाना 10.78 लाख बढ़ा ठेका

पहले तीन महीने के लिए गणेशपुर टोल का ठेका अश्मी रोड कैरियर को प्रतिदिन 28,00,703 रुपये की दर से दिया गया था। इसके बाद मौजूदा तीन महीने का ठेका ईगल इंफ्रा लिमिटेड के पास है। इसकी दैनिक दर बढ़कर 38,78,900 रुपये हो गई।

यानी तीन महीने के भीतर रोजाना ठेका राशि में 10,78,197 रुपये की बढ़ोतरी हुई। मौजूदा ठेका 26 अक्टूबर तक बताया गया है। विभाग अब स्टांप शुल्क की कमी की वसूली के लिए संबंधित पक्षों पर कार्रवाई कर रहा है।

Also Read: यूपी में बारिश का कहर, 48 घंटे में 15 मौतें, 117 मकान क्षतिग्रस्त, अलर्ट जारी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.