कानपुर नगर निगम सदन में जमकर हंगामा, मेज पर चढ़े पार्षद ने दूसरे पर चलाई लात, धक्का-मुक्की

Kanpur Nagar Nigam House Meeting Chaos: कानपुर नगर निगम सदन की शनिवार की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। वार्ड परिसीमन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पार्षद मेज पर चढ़ गया और दूसरे की तरफ लात चला दी। महापौर प्रमिला पांडेय (Pramila Pandey) और अन्य पार्षदों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

विवाद की शुरुआत सपा पार्षद रजत कौशिक बाजपेई के वार्ड परिसीमन को लेकर दिए बयान से हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि बगल के वार्ड के पार्षद ने उनके वार्ड में बारातशाला बना ली और अपने वार्ड का कार्यालय भी खोल लिया। इस पर विकास जायसवाल ने महापौर से सवाल किया कि अगर जगह दूसरे वार्ड की थी तो बारातशाला के लिए जमीन चिह्नित कर उद्घाटन क्यों कराया गया।

इसके बाद एक विधायक का नाम लेकर राजनीतिक आरोप लगाए गए। बात बढ़ने पर रजत और विकास के बीच अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ। दोनों एक-दूसरे की तरफ बढ़े और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सदन में एक तरफ ‘टोटी चोर’ तो दूसरी तरफ ‘पार्षद चोर’ के नारे भी लगे। रजत के समर्थन में कुछ भाजपा पार्षदों के आने से स्थिति और बिगड़ गई।

मंडल मंत्री को रोकने पर भी विवाद

बैठक के दौरान भाजपा के कौशलपुरी मंडल मंत्री मनीष बाजपेई को समिति कक्ष में जबरन रोकने का मामला भी गरमा गया। भाजपा के कुछ पार्षदों ने इसे ‘गुंडाराज’ बताया। एक पार्षद ने सदन में आत्मदाह तक करने की बात कह दी। मामले के बाद भाजपा का क्षेत्रीय और जिला संगठन सक्रिय हो गया है।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर शाही ने कहा कि संगठन पदाधिकारी के साथ हुई घटना को संज्ञान में लिया गया है। क्षेत्र और जिला की कोर कमेटी इसकी जांच करेगी और रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी।

वहीं, स्वरूप नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर मनीष बाजपेई को वहां से हटाया गया था। अभी किसी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: मेरठ में सिपाही पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, पिस्टल दिखाकर धमकाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.