गोरखपुर में दरोगा-वकील की मारपीट का वायरल वीडियो निकला फर्जी, 2 हिरासत में

Gorakhpur News: गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में दरोगा और वकील के बीच मारपीट का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की जांच में यह वीडियो फर्जी निकला। वीडियो में पुलिसकर्मी और अधिवक्ता के रूप में नजर आ रहे दोनों युवक असल में न तो पुलिस विभाग से जुड़े हैं और न ही वकील हैं। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सड़क पर मारपीट का बनाया था वीडियो

वायरल वीडियो में एक युवक बाइक सवार वर्दी पहने व्यक्ति को रोकता दिखाई देता है। दोनों के बीच पहले बहस होती है। युवक आरोप लगाता है कि उसके पिता को थाने ले जाकर बैठाया गया था। इसके बाद विवाद बढ़ जाता है और दोनों सड़क पर हाथापाई करने लगते हैं। वीडियो में युवक वर्दी पहने व्यक्ति को जूते से पीटता हुआ भी दिखता है।

वीडियो में कुछ लोग दोनों को रोकने की कोशिश करते नजर आते हैं। पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद दोनों की पहचान शुरू की और उनके ठिकाने का पता लगाकर हिरासत में लिया।

लाइक-व्यूज के लिए बनाया वीडियो

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जांच में वीडियो पूरी तरह फर्जी मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रहा वर्दीधारी व्यक्ति पुलिस विभाग का कर्मचारी नहीं है। वहीं, दूसरा युवक भी अधिवक्ता नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बढ़ाने के लिए यह वीडियो बनाया गया था। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। शाहपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।

एसपी सिटी ने कहा कि भ्रामक जानकारी फैलाने और फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: संतकबीरनगर में बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.