गोरखपुर में 5 दिन से लापता हाईस्कूल टॉपर का मिला शव, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
Gorakhpur News: गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता 15 वर्षीय छात्र प्रिंस का शव सोमवार शाम चिलुआताल में उतराता मिला। प्रिंस ने इसी साल हाईस्कूल में स्कूल टॉप किया था। परिजनों ने एक लड़की और उसके परिवार पर छात्र की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने लड़की, उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
23 सितंबर को कोचिंग के लिए निकला था
मोहम्मदपुर टोला परसौना निवासी प्रिंस के पिता नंदकिशोर मोहरीपुर चौराहे के पास किराये के मकान में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे प्रिंस बेतियाहाता स्थित मोमेंटम इंस्टीट्यूट में कोचिंग के लिए निकला था। उस दिन उसकी परीक्षा भी थी, लेकिन वह क्लास में पहुंचा ही नहीं और देर शाम तक घर नहीं लौटा।
परिजनों ने दोस्तों और रिश्तेदारों से तलाश की। इसके बाद चिलुआताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन जांची। आखिरी लोकेशन पीपीगंज में मिली, जिसके बाद मोबाइल बंद हो गया। पुलिस ने रास्ते के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।
कपड़ों से हुई शव की पहचान
सोमवार शाम ग्रामीणों ने चिलुआताल में शव उतराता देखा। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव बाहर निकाला। शव सड़ा-गला था। नंदकिशोर ने कपड़ों से उसकी पहचान प्रिंस के रूप में की। पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। नंदकिशोर का आरोप है कि एक लड़की से बातचीत के चलते प्रिंस की हत्या की गई।
चिलुआताल थाना प्रभारी के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। चार लोगों से पूछताछ की जा रही है। लड़की के मोबाइल की भी जांच हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।

