सुल्तानपुर में सरकारी शिक्षक और पत्नी की हत्या, स्कूल परिसर में मिले खून से सने शव
Sultanpur News: सुल्तानपुर में कादीपुर क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में सरकारी शिक्षक मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह दोनों के शव उनके निजी स्कूल परिसर में खून से सने मिले। मौके से खून लगा फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद हुआ है। पुलिस चुनावी रंजिश और जमीन विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
ड्राइवर ने देखा पत्नी का शव
मंगलवार सुबह करीब 6:10 बजे स्कूल का ड्राइवर राकेश यादव चाबी लेने पहुंचा था। कमरे में विनीता का शव पड़ा मिला और पास में खून से सना फावड़ा था। जानकारी देने के बाद उसने आसपास तलाश की तो करीब 150 मीटर दूर मुकेश का शव मिला। सूचना पर SP विनीत जायसवाल और CO कादीपुर विनय गौतम फोर्स के साथ पहुंचे।
पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ चल रही है। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ रहा दंपती का 20 वर्षीय इकलौता बेटा अभ्युदय भी सुल्तानपुर के लिए रवाना हो चुका है।
चुनाव और जमीन विवाद पर नजर
मुकेश 2009 में सहायक अध्यापक बने थे और 2013 से लगातार शिक्षक संघ अध्यक्ष रहे। इस बार भी चुनाव लड़ रहे थे। मतदान 30 सितंबर को होना था, लेकिन 28 सितंबर को चुनाव टल गया। विनीता निजी स्कूल चलाने के साथ पिछला जिला पंचायत चुनाव भी लड़ चुकी थीं।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि विनीता की हत्या स्कूल के कमरे में हुई और मुकेश ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, जिसके बाद कुछ दूरी पर उनकी हत्या की गई। पुलिस चुनावी रंजिश के साथ पैतृक जमीन को लेकर कथित पारिवारिक विवाद की भी जांच कर रही है।
एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि कई टीमें गठित की गई हैं और फील्ड यूनिट जांच कर रही है। उन्होंने जल्द घटना का खुलासा करने की बात कही है।

