शादी करो या 15 लाख दो, बुलंदशहर में रेप पीड़िता के परिवार ने पंचायत में रखी मांग
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने पर युवक ने शादी से इनकार कर दिया और परिजनों को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। गांव में हुई पंचायत में पीड़िता के परिजनों ने 15 लाख रुपये देने या युवती से शादी करने की मांग रखी। आरोपी पक्ष पांच लाख रुपये देने को तैयार था, लेकिन पीड़िता के परिजनों ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की।
बहन के देवर से बने थे संबंध
मामला औरंगाबाद क्षेत्र के एक गांव का है। गांव की 19 वर्षीय युवती की बड़ी बहन की शादी कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में हुई है। इसी दौरान युवती के संबंध बहन के देवर से बन गए। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार युवती से शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई।
युवती ने जब शादी के लिए कहा तो युवक ने पहले गर्भपात कराने की बात कही। इसके बाद उसने युवती का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। चार दिन पहले युवक ने फोन कर उसे औरंगाबाद मिलने बुलाया। आरोप है कि वहां उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और घटना की जानकारी परिवार को देने पर हत्या की धमकी दी।
पंचायत में नहीं निकला रास्ता
घर लौटकर युवती ने परिजनों को पूरी बात बताई। दो दिन पहले गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें पीड़िता के परिजनों ने 15 लाख रुपये या युवती से शादी करने की मांग रखी। आरोपी पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ और पांच लाख रुपये देने की पेशकश की। करीब तीन घंटे तक चली पंचायत में सहमति नहीं बन सकी।
औरंगाबाद इंस्पेक्टर सुखवीर सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है।
Also Read: लखनऊ में नाबालिग किशोरी को कार से ले गया युवक, पांच लोगों पर केस दर्ज

