Bareilly News: पेशी के दौरान फरार इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की थाना कोतवाली पुलिस ने तड़के हुई मुठभेड़ के बाद 25,000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी सचिन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त की ओर से की गई फायरिंग में एक मुख्य आरक्षी रवाब मियां भी आंशिक रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बंसी नगला (थाना सुभाषनगर) निवासी सचिन सिंह ठाकुर गत 21 अक्टूबर को न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया था। इस संबंध में थाना कोतवाली पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार (28 अक्टूबर) को तड़के करीब 03:35 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर जब कोतवाली पुलिस ने नॉर्थ कॉलोनी के पास घेराबंदी की, तो अभियुक्त ने भागने की नीयत से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।

इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती

जवाबी कार्रवाई में घायल अभियुक्त सचिन सिंह ठाकुर और घायल पुलिसकर्मी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जिस पर पूर्व से हत्या के प्रयास व अन्य संगीन अपराधों के कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: UP पंचायत वोटर लिस्ट पर योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, अब 6 महीने गांव में रहना होगा जरूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.